📅 09 May 2026 | शनिवार

🔴 LIVE NEWS

पुलिस के 8 अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त, सम्मानपूर्वक दी गई विदाई जबलपुर। पुलिस विभाग में 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समारोह में जबलपुर जिले के आठ अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किए गए तथा अवकाश नगदीकरण, बीमा, पेंशन और ग्रेच्युटी से संबंधित दस्तावेज भी सौंपे गए।

सेवानिवृत्त होने वालों में कार्यवाहक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार शुक्ला (सीएसपी कार्यालय गोरखपुर), कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक सूर्यपाल सिंह (थाना पाटन), महेंद्र कुमार मिश्रा (थाना मझौली), उमाशंकर पाण्डे (थाना बरगी), प्रधान आरक्षक स्वराज कुमार जैन (थाना लार्डगंज), कार्यवाहक प्रधान आरक्षक भारत भूषण चौहान (थाना खमरिया), प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी (पुलिस लाइन) तथा प्रधान आरक्षक सुदामा प्रसाद मिश्रा (थाना बेलखेड़ा) शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़ ने नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू और रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य की उपस्थिति में सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में उनके परिजन भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने 34 से 44 वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देकर जबलपुर पुलिस की गरिमा बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी सभी स्वस्थ और सुखमय जीवन व्यतीत करें। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की विभागीय समस्या आती है तो पुलिस विभाग प्राथमिकता के आधार पर उसके निराकरण के लिए सदैव तत्पर रहेगा

Scroll to Top