जबलपुर। राष्ट्रीय पेपर दिवस के अवसर पर महाकौशल पेपर डीलर्स एसोसिएशन एवं महाकौशल अभ्यास पुस्तिका निर्माता संघ के संयुक्त तत्वावधान में खोआ मंडी स्थित जैन कन्या शाला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय की सभी छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को अभ्यास पुस्तिकाएं (नोटबुक) और बिस्किट वितरित किए गए तथा कागज के संरक्षण और रीसाइक्लिंग का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रवीश सिंघई ने कागज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेपर हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है और इसका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की।
संरक्षक राजकुमार वार्ष्णेय ने राष्ट्रीय पेपर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इस सामाजिक पहल की प्रशंसा की। वहीं संयुक्त सचिव श्रेय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को कागज की निर्माण प्रक्रिया, उपयोग और रीसाइक्लिंग के बारे में जानकारी दी।
कोषाध्यक्ष अर्पित अग्रवाल ने प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से छात्राओं को दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
जैन कन्या शाला के सचिव अनुराग जैन गढ़ावाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कागज बचाने की आदत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉपी के प्रत्येक पृष्ठ का पूरा उपयोग किया जाना चाहिए और घर तथा कार्यालय में पेपर रीसाइक्लिंग के लिए अलग डस्टबिन रखने की आदत विकसित करनी चाहिए।
विद्यालय की प्राचार्य वंदना जी ने विद्यालय के इतिहास और शैक्षणिक परंपराओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात जैन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, छात्राओं एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। पूर्व अध्यक्ष प्रदीप बियानी और सचिव आदित्य सिंघई के मार्गदर्शन में संगठन के सदस्यों ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को नोटबुक एवं बिस्किट वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया।




