सागर कुलकर्णी वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के बीच हुए रक्षा समझौते को अपने देशों की ‘‘अधिक प्रभावी तरीके से रक्षा’’ की दिशा में ‘‘बड़ा, साहसिक और महत्वपूर्ण पहला कदम’’ बताया है। ट्रंप की रविवार को की गयी इस टिप्पणी से कुछ दिन पहले ही तीनों देशों ने मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। समझौते के तहत तीनों में से किसी भी देश पर होने वाले सशस्त्र हमले को सभी तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।भारत ने कहा है कि वह मक्का समझौते के अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति और स्थिरता पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 11 अगस्त को कहा, ‘‘जहां तक इस समझौते का सवाल है, हम भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता, दोनों के दृष्टिकोण से इसके प्रभावों का अध्ययन कर रहे हैं।’’ जायसवाल ने कहा, ‘‘भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाएगा।




