BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि BJP की राष्ट्रीय टीम में नव-नियुक्त सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ। अनुभव और ऊर्जा के मेल से बनी यह टीम, माननीय पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी। मुझे विश्वास है कि प्रत्येक सदस्य, एक समर्पित कार्यकर्ता की भावना के साथ, ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्र-निर्माण की प्रतिबद्धता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संगठन को और मजबूत करेगा।
BJP ने पार्टी प्रमुख नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन में बड़े बदलाव की घोषणा की। इसके तहत नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई और कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं। ये नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनमें राम माधव, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत जय पांडा, लोकसभा सांसद डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती पवार, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और मनप्रीत सिंह बादल शामिल हैं।इस बीच, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को BJP का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर बनाए रखा है और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी तथा त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब को आठ राष्ट्रीय महासचिवों की अपनी टीम में शामिल किया है। नई टीम में विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही ऐसे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं जिन्हें बरकरार रखा गया है। BJP ने अलग-अलग राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले राष्ट्रीय सचिवों की 16-सदस्यीय टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज टिग्गा समेत कई नए चेहरों को भी शामिल किया है।



